जांजगीर–चांपा जिले से धरदेई गांव के एक तालाब में आज एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गया
जांजगीर–चांपा जिले से इस समय की बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है।

जांजगीर–चांपा जिले से इस समय की बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है।
सीजी पंचायत न्यूज़ 24/7 ब्यूरो खबर– हेमंत कपूर
जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत धरदेई गांव के एक तालाब में आज एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला राहोद चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है। जैसे ही ग्रामीणों ने तालाब में शव तैरता देखा, तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस और राहोद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे रहस्य और गहराता जा रहा है।
इधर क्षेत्र में इन दिनों धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के चलते भारी भीड़ जुटी हुई है। 1 फरवरी से 15 फरवरी तक प्रसिद्ध शिवरीनारायण मेला जारी है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं 11 फरवरी से जांजगीर में कृषि मेला भी शुरू हुआ है, जिससे जिले भर में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। ऐसे भीड़भाड़ वाले समय में तालाब से अज्ञात शव का मिलना प्रशासन और पुलिस दोनों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
पुलिस आसपास के गांवों में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं शव मेले या किसी अन्य कार्यक्रम में आए व्यक्ति का तो नहीं है। घटनास्थल के आसपास पूछताछ की जा रही है तथा परिस्थितियों को देखते हुए हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना—तीनों एंगल से जांच की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों में इस घटना के बाद दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोग प्रशासन से जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही मौत के कारणों का सही खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
सीजी पंचायत न्यूज़ 24/7 ब्यूरो खबर– हेमंत कपूर



