कपिस्दा /बम्हीनीडीह/जांजगीर - चांपा छत्तीसगढ़ग्राम पंचायत न्यूज़

कपिस्दा पीडीएस प्रकरण में प्रशासन हरकत में

मृतकों के नाम पर चावल वितरण की जांच शुरू, खाद्य विभाग मौके पर पहुँचा

सीजी पंचायत न्यूज़ 24/7 | विशेष समाचार

कपिस्दा पीडीएस प्रकरण में प्रशासन हरकत में

मृतकों के नाम पर चावल वितरण की जांच शुरू, खाद्य विभाग मौके पर पहुँचा

जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़

तहसील बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत कपिस्दा स्थित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान क्रमांक 542005012 में मृत व्यक्तियों के नाम पर चावल आहरण, ई-केवाईसी अपूर्ण, ओटीपी के माध्यम से अनियमित वितरण तथा हितग्राहियों से अभद्र व्यवहार जैसे गंभीर आरोपों के बाद आखिरकार प्रशासन सक्रिय होता दिखाई दिया है।

लगातार शिकायतों और सामाजिक संगठन भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा उठाए गए सवालों के बीच 27 फरवरी 2026 को खाद्य निरीक्षक बम्हनीडीह सुशील कुमार विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ ग्राम पंचायत कपिस्दा पहुँचे। पंचायत भवन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

जांच के दौरान खाद्य निरीक्षक ने शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए। ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती विष्णु कुमारी बालेश्वर चंद्रा, उपसरपंच पवन पटेल एवं पंचगणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। टीम ने पीडीएस दुकान से जुड़े दस्तावेज़, स्टॉक रजिस्टर और वितरण प्रक्रिया से संबंधित तथ्यों की गहन पड़ताल की।

खाद्य निरीक्षक ने बताया कि जांच से संबंधित समस्त कागजात आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेजे जाएंगे। यदि जांच में अनियमितताएँ प्रमाणित होती हैं तो संबंधित दोषियों पर कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपकर आरोप लगाया था कि पीडीएस दुकान में मृत व्यक्तियों के नाम पर चावल आहरण कर गंभीर भ्रष्टाचार किया गया है, जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों और आवश्यक वस्तु अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। लंबे समय तक कार्रवाई न होने से प्रशासनिक भूमिका पर सवाल भी उठे थे।

अब खाद्य विभाग द्वारा जांच प्रक्रिया आगे बढ़ने से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि असली परीक्षा अब होगी—क्या दोषियों पर वास्तविक कार्रवाई होती है या मामला केवल आश्वासनों तक सीमित रह जाता है।

अशोक चौहान की रिपोर्ट /सीजी पंचायत न्यूज़ 24/7 ग्रामीण मुद्दों की सटीक और निर्भीक आवाज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!