पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम, अखिल भारतीय पंचायत परिषद की संभागीय बैठक में बने महत्वपूर्ण प्रस्ताव
जांजगीर चांपा/सक्ती। अखिल भारतीय पंचायत परिषद छत्तीसगढ़ की बिलासपुर संभागीय स्तरीय बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे जिला संयोजकों, पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संगठन के विस्तार, पंचायत सशक्तिकरण और ग्रामीण जनजागरूकता को लेकर व्यापक चर्चा की।

बैठक में संगठन की मजबूती को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यकारिणी के अध्यक्ष के चयन संबंधी विषय पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी जिला संयोजकों को अपने-अपने जिलों में जिला एवं विकासखंड स्तर की कार्यकारिणी का गठन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
बैठक के दौरान पंचायत राज व्यवस्था के अंतर्गत संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की निगरानी को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उपस्थित पदाधिकारियों ने पंचायतों की समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान हेतु शासन-प्रशासन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायतों को अधिक सशक्त, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित ग्राम सभाओं के आयोजन, जनजागरूकता अभियानों के संचालन तथा संगठन के विस्तार के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं स्थानीय विकास से संबंधित जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बर्मन, डॉ. डी.आर. मनहर, जिला संयोजक सक्ती विजय खूंटे, जिला संयोजक जांजगीर-चांपा रितेश मनहर, जिला संयोजक रायगढ़ प्रहलाद दास, बृजराज कुर्रे, जिला संयोजक सारंगढ़-बिलाईगढ़ मुरलीधर बर्मन, संतोष पाल, पुरुषोत्तम श्रीवास, मनीराम चंद्रभाष एवं पप्पू कुमार भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने पंचायतों के समग्र विकास, ग्रामीण हितों की रक्षा तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। उपस्थित सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं संगठन के प्रति समर्पण की सराहना की गई।
सीजी पंचायत न्यूज़ 24×7