छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

प्रेस रिपोर्टर क्लब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, जांजगीर इकाई ने एसपी से की  शिकायत

प्रेस रिपोर्टर क्लब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, जांजगीर इकाई ने एसपी से की  शिकायत

जांजगीर-चांपा, 12 फरवरी 2026
जिले में पत्रकार संगठन से जुड़े सदस्यों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर कथित रूप से की गई अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर मामला गरमा गया है। प्रेस रिपोर्टर क्लब, छत्तीसगढ़ की जिला इकाई जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष दीपक बंजारे ने पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि एक व्हाट्सएप ग्रुप में बोधन भट्ट, निवासी ग्राम पंचायत मालीघोरी, विकासखंड बालोद, जिला बालोद द्वारा कथित रूप से प्रेस रिपोर्टर क्लब के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के लिए आपत्तिजनक, अमर्यादित और मानहानिकारक शब्दों का प्रयोग किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इन टिप्पणियों से संगठन की छवि धूमिल हुई है तथा पत्रकारों की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

प्रेस रिपोर्टर क्लब ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि संगठन एक पंजीकृत एवं सक्रिय पत्रकार संगठन है, जो प्रदेश में पत्रकारों के हितों, सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों पर कार्य करता है। ऐसे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित रूप से की गई इस तरह की टिप्पणी को संगठन ने गंभीर मानते हुए इसे सोची-समझी साजिश करार दिया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार की भाषा का उपयोग न केवल मानहानि की श्रेणी में आता है, बल्कि आईटी एक्ट और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत भी दंडनीय हो सकता है। संगठन ने संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप की जांच, संदेशों के डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने तथा तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

जिलाध्यक्ष दीपक बंजारे ने पुलिस प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि भविष्य में किसी भी पत्रकार संगठन या उसके सदस्यों के विरुद्ध इस प्रकार की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां न हों, इसके लिए सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं। साथ ही पत्रकारों की सामाजिक गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।

पुलिस विभाग की ओर से मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!