जांजगीर में भीम आर्मी की जिला बैठक संपन्न, संगठन मजबूती और अनुशासन पर विशेष जोर

सीजी पंचायत न्यूज़ 24/7जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)
जांजगीर में भीम आर्मी की जिला बैठक संपन्न, संगठन मजबूती और अनुशासन पर विशेष जोर

जांजगीर-चांपा। भीम आर्मी भारत एकता मिशन की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक 13 फरवरी 2026 को जांजगीर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मंगलू खांडेकर एवं जिला सह-प्रभारी संत राम खरे ने की।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री शिवा चौरसिया, जिला महासचिव राजू राय, कोषाध्यक्ष नेशनल लाल कुर्रे, जिला मीडिया प्रभारी रीतेश कुमार मनहर, बम्हीनीडीह ब्लॉक प्रभारी उमाशंकर चंद्रभास, ब्लॉक मीडिया प्रभारी नागेश कुमार सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन को ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे गांव-गांव जाकर अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ें और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
आगामी 20 फरवरी को रायपुर में UGC बिल के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए जिला नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठन के प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने या संगठन की छवि धूमिल करने वाले किसी भी पदाधिकारी/सदस्य को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त किया जाएगा। बिना जिला प्रभारी एवं जिला अध्यक्ष की अनुमति के कोई भी पोस्टर, बैनर या सोशल मीडिया सामग्री जारी नहीं की जाएगी। इसी प्रकार, बिना पूर्व अनुमति किसी भी धरना, हड़ताल, चक्का जाम या अन्य आंदोलनात्मक गतिविधि को प्रोटोकॉल उल्लंघन माना जाएगा।
बैठक में समाज में हो रहे अत्याचार, भ्रष्टाचार एवं अन्याय के विरुद्ध संघर्ष को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। जिला इकाई को मजबूत और संगठित बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श कर कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई और सभी पदाधिकारियों ने संगठन को अनुशासित, सक्रिय एवं सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।



