जिला जेल खोखरा में विचाराधीन बंदी ने लगाई फांसी, मचा हड़कंप
जांजगीर-चांपा। जिले के जिला जेल खोखरा में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विचाराधीन बंदी ने जेल परिसर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दुवास केवट के रूप में हुई है, जो नाबालिग से जुड़े पॉक्सो (POCSO) मामले में आरोपी था और न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था।

जानकारी के अनुसार, बंदी ने जेल परिसर के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। जेल के अन्य बंदियों में भी इस घटना को लेकर भय और चिंता का माहौल देखा गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया था तथा मृतक के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा था। पुलिस एवं जेल प्रशासन द्वारा मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
जेल में तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि आखिर एक विचाराधीन कैदी को जेल के भीतर आत्महत्या करने का अवसर कैसे मिला।
जिला जेलर ने बताया कि मामले में अन्य बंदियों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके उपस्थित होने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।