गों ग पा ने दी चेतावनी, कल करेगी कलेक्ट्रेट का घेराव

गों ग पा ने दी चेतावनी, कल करेगी कलेक्ट्रेट का घेराव
📍 सीजी पंचायत न्यूज़ 24/7 सक्ती/छत्तीसगढ़
गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) जिला इकाई–सक्ती ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी ने 9 फरवरी 2026 (सोमवार) को सक्ती कलेक्ट्रेट कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया है।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, वे अपनी मांगों को लेकर 3 जनवरी 2026 से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं। उनका कहना है कि 26 दिसंबर 2025 को प्रशासन को विधिवत आवेदन सौंपने और लंबे समय से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के चलते पार्टी ने अब उग्र आंदोलन के रूप में कलेक्ट्रेट घेराव की घोषणा की है।
गोंगपा नेताओं का आरोप है कि कलेक्ट्रेट से लगी लगभग 12 एकड़ बेशकीमती शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। पार्टी का दावा है कि कुछ भ्रष्ट कर्मचारियों और जमीन दलालों की मिलीभगत से यह कब्जा हुआ है। इस मुद्दे को लेकर ही वे धरने पर बैठे हैं और चार सूत्रीय मांगों पर प्रशासन से स्पष्ट कार्रवाई चाहते हैं।
पार्टी का कहना है कि अब तक मामले में सिर्फ एक पटवारी को निलंबित किया गया है, जिसे वे “खानापूर्ति” की कार्रवाई बता रहे हैं। गोंगपा नेताओं का आरोप है कि इस पूरे मामले में कुछ बड़े अधिकारी और प्रभावशाली जमीन दलाल शामिल हैं, जिन पर प्रशासन अब तक कार्रवाई करने से बच रहा है।
जिला इकाई, गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी (सक्ती) ने बयान जारी कर कहा है,
“हमने लंबे समय तक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी, लेकिन शासन–प्रशासन की चुप्पी ने हमें घेराव के लिए मजबूर कर दिया है। 9 फरवरी को होने वाले प्रदर्शन के दौरान यदि कोई भी अप्रिय स्थिति निर्मित होती है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”
प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घेराव को देखते हुए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की संभावना है।
सीजी पंचायत न्यूज़ 24/7 इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।


