फीस के आगे बेबस गरीब पिता, छात्रा का भविष्य संकट में
टीसी नहीं मिलने से सरकारी स्कूल में प्रवेश अटका, निजी स्कूल पर गंभीर आरोप

फीस के आगे बेबस गरीब पिता, छात्रा का भविष्य संकट में
टीसी नहीं मिलने से सरकारी स्कूल में प्रवेश अटका, निजी स्कूल पर गंभीर आरोप
सक्ती/नगझर, 23 जुलाई 2026 | सीजी पंचायत न्यूज़ 24×7
ग्राम नगझर में संचालित राम जानकी इंग्लिश मीडियम स्कूल पर एक गरीब छात्रा को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) जारी नहीं करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि विद्यालय प्रबंधन बकाया फीस जमा किए बिना टीसी देने से इंकार कर रहा है, जिससे छात्रा का शासकीय विद्यालय में प्रवेश अटक गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा के पिता आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं और वर्तमान में परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। निजी विद्यालय की फीस जमा करने में असमर्थ होने के कारण उन्होंने अपनी पुत्री का प्रवेश सरकारी स्कूल में कराने का निर्णय लिया, ताकि उसकी पढ़ाई बाधित न हो।
पीड़ित पिता का आरोप है कि उन्होंने कई बार विद्यालय प्रबंधन से अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए टीसी जारी करने का अनुरोध किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उनका कहना है कि विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया कि पूरी बकाया फीस जमा होने के बाद ही टीसी जारी की जाएगी।

टीसी नहीं मिलने के कारण छात्रा का शासकीय विद्यालय में प्रवेश नहीं हो पा रहा है, जिससे उसकी शिक्षा प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। यह मामला शिक्षा के अधिकार और गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर छात्रा को तत्काल राहत दिलाने तथा दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए।
अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या समय रहते छात्रा को न्याय मिलेगा और उसका शिक्षा का अधिकार सुरक्षित रह पाएगा।
— सीजी पंचायत न्यूज़ 24×7


