ग्राम पंचायत न्यूज़घटनाछत्तीसगढ़बम्हीनीडीह/जांजगीर-चांपा/ छत्तीसगढ़

सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम*

*सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम*

बम्हनीडीह, जांजगीर–चांपा

जांजगीर–चांपा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और न्याय की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तरुण बंजारे, पिता रामरतन बंजारे, निवासी ग्राम पंचायत बनडभरा, बाइक से चांपा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चरपारा सोनाईडीह के पास तेज रफ्तार माजदा 407 वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में बम्हनीडीह बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर जमा हो गए और चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर शासन–प्रशासन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
ग्रामीणों ने दोषी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक परिवार को उचित मुआवजा, तथा क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना करने वाले वाहन व चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!